आतंकवाद मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध’, 26/11 मुंबई हमले की बरसी पर अमित शाह और राजनाथ समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों और रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को पूरा देश नमन कर रहा है। इस अवसर पर कई दिग्गज नेताओं ने वीर जवानों, सुरक्षाकर्मियों और दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “वर्ष 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन करता हूं और इस हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

उन्होंने पोस्ट किया, “आतंकवाद मानवता के विरुद्ध सबसे जघन्य अपराध है। मोदी सरकार की आतंक के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति की सराहना दुनियाभर में हो रही है। आज भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाते हुए आतंक के हर रूप और हर साजिश के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “आज, मैं 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उन वीर सपूतों को याद करता हूं जिन्होंने हमारे राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। मैं हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस, वीरता और अटूट समर्पण को नमन करता हूं, जो आतंकवाद के सामने डटकर खड़े रहे। उनका साहस कर्तव्य, बलिदान और राष्ट्र सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है। उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। भारत आतंकवाद को उसके सभी रूपों में खत्म करने के अपने संकल्प पर दृढ़ है।”

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करें और उन बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सलाम करें जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद के हर रूप से लड़ने और इसमें शामिल लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आतंकवाद के प्रति हमारी नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ (सहन न करने) की है।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, “वीर कभी नहीं मरते, वे राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहते हैं। 26/11 मुंबई आतंकी हमले में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों, पुलिसकर्मियों एवं निर्दोष नागरिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट किया, “मुंबई में 26/11 के कायरतापूर्ण आतंकी हमले में मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों, पुलिसकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपके साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए हम सदैव ऋणी रहेंगे। ‘नया भारत’ आतंक के हर रूप के निर्मूलन के लिए एकजुट होकर दृढ़ता से खड़ा है।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पोस्ट किया, “26/11 के आतंकी हमलों के दौरान मुंबई की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर नायकों और अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “मुंबई में 26/11 के कायरतापूर्ण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों और वीर सुरक्षाकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि। ‘नया भारत’ पूर्ण एकजुटता, दृढ़ इच्छाशक्ति और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ उसके उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है।”