योग्यता अनुसार अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर 14 अक्टूबर से अंबेडकर चौक में धरना-प्रदर्शन


रायपुर। आज रायपुर के कलेक्टर गार्डन में दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आने वाले दिनों में संघ द्वारा किए जाने वाले आंदोलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा आंदोलन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।


बैठक में संघ ने सरकार के समक्ष अपनी प्रमुख मांग को दोहराते हुए कहा कि दिवंगत पंचायत शिक्षकों के आश्रित परिवारों को उनकी योग्यता के अनुसार तत्काल अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए।

संघ ने कहा कि लंबे समय से दिवंगत पंचायत शिक्षक परिवार अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। परिवारों की परिस्थितियों को देखते हुए सरकार को इस मामले में शीघ्र निर्णय लेकर प्रभावित परिवारों को न्याय प्रदान करना चाहिए।

संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार द्वारा योग्यता अनुसार अनुकंपा नियुक्ति की मांग को पूरा नहीं किया जाता है, तो दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा संघ द्वारा 14 अक्टूबर से रायपुर के अंबेडकर चौक में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ ने सभी प्रभावित परिवारों एवं सदस्यों से आंदोलन में एकजुट होकर शामिल होने की अपील की है। संघ का कहना है कि अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

बैठक में दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा संघ की अध्यक्ष  अश्वनी सोनवानी, उपाध्यक्ष  राजेश्वरी दूबे, मीडिया प्रभारी  शशांत साहू सहित संघ के सदस्यगण उपस्थित रहे।