शटर काटकर लाखों के जेवरात, सिक्के व नगदी चोरी, निगरानी बदमाश सहित 2 गिरफ्तार, पहले भी जा चुके जेल

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती में सूने मकान का शटर गेट काटकर लाखों के जेवरात व नगदी चोरी करने वाले 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के व नगदी जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी निवासी प्रोफेसर कॉलोनी पुरानी बस्ती रायपुर ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 27 अगस्त को वह अपने घर में ताला लगाकर अन्यत्र गया था। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली बाई द्वारा घर का शटर गेट कटा होने व सामान बिखरा होने की सूचना दी गई।

प्रार्थी द्वारा 1 सितम्बर को वापस आकर जांच करने पर अज्ञात चोर द्वारा शटर गेट काटकर घर में प्रवेश कर अलमारी में रखे चांदी के ईंट व जेवर, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, सैमसंग मोबाइल फोन एवं अन्य सामान चोरी करना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पुरानी बस्ती में धारा 331(4), 305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए DCP (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला व DCP (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया द्वारा अधिकारियों व प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने निर्देश दिए गए।

एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट व थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी से घटना के संबंध में पूछताछ की गई। साथ ही घर में काम करने वाली नौकरानी व आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहनता से जाँच किया गया।

घटना के तरीके को ध्यान में रखते हुए पूर्व में चोरी के प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। मुखबिर लगाने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी अज्ञात आरोपियों की पहचान व पतासाजी के लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

इसी दौरान टीम के सदस्यों को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश भूपेन्द्र उर्फ गजनी जो पूर्व में भी नकबजनी/चोरी के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है। घटना स्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था।

सूचना के आधार पर टीम द्वारा भूपेन्द्र उर्फ गजनी को पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी को अंजाम देना स्वीकार किया। प्रकरण में संलिप्त आरोपी करण ताण्डी को भी पकड़ा गया।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सोने व चांदी के विभिन्न जेवरात, चांदी के सिक्के एवं नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन जुमला कीमती लगभग 3.50 लाख रूपये जप्त कर दोनों के खिलाफ किया गया।

आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकार्ड

आरोपी भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी शातिर चोर होने के साथ-साथ थाना पुरानी बस्ती का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में नकबजनी/चोरी के 4 प्रकरण पूर्व में दर्ज हैं, जिनमें वह जेल जा चुका है। वहीं, आरोपी करण ताण्डी भी नकबजनी/चोरी के 2 प्रकरणों में पूर्व में थाना पुरानी बस्ती से जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी

01. भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी पिता स्व. रोहित पटेल उम्र 26 साल निवासी दंतेश्वरी चौक गोपियापारा थाना पुरानी बस्ती रायपुर।
02. करण ताण्डी पिता राजेश ताण्डी उम्र 24 साल निवासी दंतेश्वरी मंदिर के पीछे डबरीपारा कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती रायपुर।