प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पूरी कर फिलीपीन से स्वदेश रवाना

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपीन की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद मंगलवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और सातवें क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया।
सोमवार को मनीला पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर और थाईलैंड के अपने समकक्षों के साथ भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन, सातवें क्वाड शिखर सम्मेलन और अन्य द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेने के बाद फिलीपीन की यात्रा पूरी कर भारत के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने इस यात्रा को सार्थक बताया।
जायसवाल ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए साझेदार देशों के साथ मिलकर लगातार काम करने का संकल्प जताया।
आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 देशों का क्षेत्रीय संगठन है। इसमें इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमा, कंबोडिया और तिमोर-लेस्ते शामिल हैं।