56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में स्वर्ण जीतने वाले भारतीय दल को प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलंबिया के बुकारामंगा में आयोजित 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड (आईपीएचओ) 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय दल को बधाई दी है। उन्होंने कनिष्क जैन, रिद्धेश अनंत बेंडाले, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठ सुरैया और स्वरित जोशी की उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनकी सफलता की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय छात्रों की यह उपलब्धि देश की युवा शक्ति की असीमित क्षमता तथा विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति उनके समर्पण और जुनून का एक और उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा देश के वैज्ञानिक भविष्य को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड के विभिन्न संस्करणों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस उपलब्धि को देश के लिए प्रेरणादायक बताते हुए विजेता छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “हमारे युवाओं का शानदार प्रदर्शन!” उन्होंने 56वें अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2026 में स्वर्ण पदक जीतने पर कनिष्क जैन, रिद्धेश अनंत बेंडाले, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठ सुरैया और स्वरित जोशी को हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सफलता युवा शक्ति की असीमित क्षमता और विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति उनके जुनून का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले दशक में भारतीय छात्रों ने इस मंच पर लगातार असाधारण प्रदर्शन किया है।