बिलाईगढ़ । नगर पंचायत भटगांव में पिछले दो दिनों से एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर डाउन और इंटरनेट की धीमी गति के कारण गैस बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ता गौटिया इंडेन गैस कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार Indian Oil Corporation की Indane Gas एजेंसी के उपभोक्ता गैस नहीं मिलने से परेशान हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए कॉल करने पर कॉल कट जा रहा है या बुकिंग नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। कई बार बुकिंग करने के बाद भी तकनीकी समस्या के कारण डीएससी नंबर समय पर प्राप्त नहीं हो रहा है।
उपभोक्ताओं के मुताबिक सर्वर और नेटवर्क की समस्या के चलते एजेंसी में गैस वितरण प्रभावित हो रहा है। गैस लेने पहुंचे लोगों को लंबी कतारों और भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता पिछले दो दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है।
वहीं गैस एजेंसी के कर्मचारियों का कहना है कि बीच-बीच में कुछ समय के लिए सर्वर ठीक होने पर सीमित संख्या में उपभोक्ताओं को गैस वितरण किया गया, जिससे थोड़ी राहत मिली। हालांकि गुरुवार को भी सर्वर और नेटवर्क की समस्या बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि यह समस्या केवल एक एजेंसी तक सीमित नहीं है, बल्कि कई वितरण केंद्रों में इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को कब तक सर्वर और नेटवर्क की समस्या से जूझना पड़ेगा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।