बिलासपुर । शहर के सिटी कोतवाली चौक और खपरगंज इलाके में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। कोतवाली, मसानगंज, खपरगंज और गोल बाजार क्षेत्र में जमकर पथराव और तोड़फोड़ हुई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है और सुरक्षा के लिए 300 से 400 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत दो लोगों के बीच पुराने झगड़े को लेकर हुई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया। घायल व्यक्ति ने फोन कर अपने समर्थकों को मौके पर बुलाया। इसके बाद खपरगंज क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया।
दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिसके चलते सिटी कोतवाली चौक समेत आसपास का इलाका कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल ने उपद्रवियों को खदेड़कर हालात पर काबू पाने की कोशिश की।
बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मुताबिक, झड़प में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए हैं। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान तोरवा और तारबाहर थानों के टीआई समेत कुछ पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आकर घायल हुए हैं।
बवाल के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आने की भी जानकारी सामने आई है।
शहर की कानून-व्यवस्था को देखते हुए जिले के अलग-अलग थानों से करीब 300 से 400 अतिरिक्त पुलिस जवान बुलाकर संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं। कोतवाली, मसानगंज, खपरगंज और गोल बाजार क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि दोबारा किसी तरह का तनाव या हिंसा न हो।
पुलिस अब उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाल रही है। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने दोटूक कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बवाल के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने लोगों को भड़काऊ, आपत्तिजनक या विवाद को बढ़ावा देने वाली पोस्ट और संदेश प्रसारित नहीं करने की चेतावनी दी है। ऐसी किसी भी गतिविधि के सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों, वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटनाक्रम को लेकर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है।
फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।