रायपुर,25/07/2026: आबकारी सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त सह प्रबंध संचालक पदुम सिंह एल्मा तथा कलेक्टर जिला रायपुर गौरव सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी डॉ. प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग जिला रायपुर द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।
अवैध मदिरा के संधारण एवं विक्रय में प्रभावी नियंत्रण हेतु आबकारी टीम जिला रायपुर द्वारा कुछ दिनों से लगातार गश्त,पतासाजी एवं तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।इस दौरान दिनांक 25/07/2026 की सुबह मुखबिर द्वारा प्राप्त मठपुरेना क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा के संधारण की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए दुर्गा मंदिर के समीप, मठपुरैना में अजय सोनवानी पिता गोपीचंद सोनवानी के मकान में दबिश दी गई। मौके पर अजय सोनवानी उपस्थित मिला ,आबकारी टीम द्वारा खोजबीन करने आरोपी के मकान से एक सफेद प्लास्टिक बाल्टी में 20 नग पाव तथा 05 पेटियों में कुल 229 नग प्लास्टिक पाव अर्थात सभी 249 नग पाव (प्रत्येक की मात्रा 180 मि.ली.) *प्रत्येक के लेबल में रॉयल गोवा व्हिस्की फॉर सेल इन गोवा ओनली अंकित*,कुल मात्रा 44.82 बल्क लीटर कीमती 29,880/- रूपये अवैध मदिरा बरामद किया गया। मौके पर अवैध मदिरा को जप्त कर आरोपी अजय सोनवानी के विरूध्द आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (2), 36 एवं 59 (क) का प्रकरण पंजीबध्द कर विवेचना किया जा रहा है उपरोक्त प्रकरण की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक नीलम स्वर्णकार के द्वारा की जा रही है एवं उपरोक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी टेक बहादुर कुर्रे, आबकारी उप निरीक्षक प्रीति कुशवाहा,आबकारी मुख्य आरक्षक सुनीता गर्ग तथा आबकारी आरक्षक विवेक श्रीवास्तव एवं वाहन चालको की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध शराब विक्रय एवं तस्करी तथा अन्य आबकारी अपराधों पर नियंत्रण हेतु रायपुर जिले के आबकारी विभाग द्वारा सघन जांच/नियंत्रण कार्यवाही लगातार की जारी है। अन्य प्रान्त सहित अवैध मदिरा के परिवहन/संग्रहण/विक्रय के विरूद्ध सघन अभियान लगातार जारी है। आबकारी नियंत्रण कक्ष, रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2428201 पर आबकारी अपराध से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत एवं सूचना दर्ज करायी जा सकती है।