पूर्वी भारत के विकास से ही होगा विकसित भारत का निर्माण : मयूरभंज में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर मयूरभंज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का स्पष्ट विजन है कि पूर्वी भारत के विकास से ही भारत का विकास होगा। उन्होंने कहा कि ‘पूर्वोदय’ नीति के तहत पूर्वी राज्यों को विकास का नया इंजन बनाया जा रहा है और ओडिशा इस परिवर्तन का प्रमुख उदाहरण बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री ने ओडिशा की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर राज्य की जनता को बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण विकास की गति तेज हुई है और राज्य नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मयूरभंज की धरती पर पली-बढ़ी ओडिशा की बेटी आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होकर राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उदार व्यक्तित्व, सहृदय स्वभाव और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण न केवल मयूरभंज बल्कि पूरे ओडिशा की पहचान को सशक्त बना रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की।
पीएम मोदी ने पंडित रघुनाथ मुर्मु, डॉ. दमयंती बेश्रा और चरण हेम्ब्रम जैसी विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि पंडित रघुनाथ मुर्मु ने संथाली भाषा के लिए ‘ओल चिकी’ लिपि का निर्माण किया था। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने संथाली भाषा में भारतीय संविधान उपलब्ध कराया है और ओडिशा की अनेक विभूतियों को पद्म सम्मान से सम्मानित किया है।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पैतृक क्षेत्र पहाड़पुर गांव को तेजी से ‘सूर्यग्राम’ यानी सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाई जाएगी। इससे ग्रामीणों को मुफ्त बिजली मिलेगी और अतिरिक्त बिजली बेचकर आय बढ़ाने का अवसर भी प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार कोणार्क का सूर्य मंदिर ओडिशा की पहचान है, उसी प्रकार पहाड़पुर भी भविष्य में सूर्यग्राम के रूप में नई पहचान बनाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ओडिशा के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं पर लगभग 47 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की इन परियोजनाओं से राज्य के लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा और विकास को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस पूर्वी भारत को कांग्रेस शासन के दौरान पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, आज वही क्षेत्र देश की प्रगति का प्रवेश द्वार बन रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के पास समुद्री तट, खनिज संपदा, कृषि क्षमता और प्रतिभाशाली युवा शक्ति जैसे अपार संसाधन हैं। इन्हीं क्षमताओं का उपयोग कर राज्य को विकास की नई दिशा दी जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा में रेलवे अवसंरचना में रिकॉर्ड निवेश किया जा रहा है। नई सड़कें, आर्थिक गलियारे और बंदरगाह विकसित किए जा रहे हैं। ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक उद्योगों में बड़े निवेश आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘उत्कर्ष ओडिशा’ अभियान के तहत अब तक करीब 20 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक की कई मेगा परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का उद्देश्य लोगों तक स्वयं पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि धान खरीद पर किसानों को 3,100 रुपए प्रति क्विंटल देने का निर्णय लिया गया है। सुभद्रा योजना के माध्यम से एक करोड़ से अधिक महिलाओं तक आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के जरिए ओडिशा के लोगों को देशभर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय जनजातीय क्षेत्रों में काम करते हुए बिताया है और आदिवासी समाज की चुनौतियों को करीब से समझा है। उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन योजना के माध्यम से दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आवास जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में करीब 500 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जबकि लगभग 750 विद्यालयों को मंजूरी दी जा चुकी है। मयूरभंज में भी एक नए नवोदय विद्यालय को स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। चार करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड वितरित किए गए हैं और करोड़ों आदिवासी लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से जारी है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्ष 2036 में ओडिशा के गठन के 100 वर्ष पूरे होंगे, जबकि 2047 में भारत स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा। उन्होंने कहा कि ओडिशा और भारत के विकास का लक्ष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। ओडिशा की अर्थव्यवस्था जितनी मजबूत होगी, भारत भी उतना ही मजबूत बनेगा। उन्होंने राज्य की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि मिलकर ओडिशा को विकास की नई बुलंदियों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए देश और दुनिया के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्ञान और योग की भूमि ओडिशा में योग सदियों से संस्कृति और जीवनशैली का हिस्सा रहा है तथा यह स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम है।