रायपुर। राजधानी समेत प्रदेशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में किसी तरह की ठंडक नहीं होने से दिनभर गर्मी का असर साफ महसूस किया गया। बारिश की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को फिलहाल निराशा ही हाथ लगी है।
प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक लोग गर्मी से परेशान हैं, वहीं किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। खरीफ सीजन की बुवाई का समय नजदीक आने के बावजूद मानसून की देरी ने किसानों को इंतजार में डाल दिया है। खेतों में बारिश का इंतजार अब सबसे बड़ी चिंता बनता जा रहा है।
दो दिन बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्वी राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए गंगा के पश्चिम बंगाल तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा मध्य उत्तर प्रदेश से पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए उत्तर महाराष्ट्र तक करीब 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन सिस्टमों के असर से अगले दो दिनों के बाद छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है। हालांकि फिलहाल प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।