रायपुर, 16 मई 2026 सुकमा जिले के ग्राम पंचायत ढोंढरा में सुशासन तिहार और “बस्तर मुन्ने” अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविर में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में प्रशासन की सक्रियता और जनसेवा का प्रभावी स्वरूप देखने को मिला। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तीन महिला स्व-सहायता समूहों को कुल 10 लाख रुपये का बैंक ऋण वितरित किया गया।
कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने शिविर स्थल पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। लोगों को प्रमाण पत्र निर्माण, आवेदन प्रक्रिया और शासकीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर मौके पर निराकरण की कार्रवाई भी की गई।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए राजेश्वरी समूह को 4 लाख रुपये, सीताफल समूह को 3 लाख रुपये तथा कनकादुर्गा समूह को 3 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस पहल से महिलाओं के स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मौके पर लाभ भी वितरित किए गए। 19 लोगों को किसान किताब, 21 लोगों को बी-1 एवं खसरा दस्तावेज, 15 लोगों को श्रम कार्ड तथा 17 लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को मकान की चाबी सौंपी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो प्राचार्यों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। शिविर के बाद कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ गादीरास में आयोजित सुशासन शिविर में भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कुसुमलता कवासी,गीता कवासी, एसडीएम कोंटा सुभाष शुक्ला, जनपद सीईओ कोंटा सुमित धु्रव,मधु तेता, तहसीलदार इरशाद अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।