रायपुर। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले छत्तीसगढ़ की राजनीति में टिकट को लेकर सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ गई है। विभिन्न समाजों द्वारा अपने-अपने वर्ग से प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात का दौर जारी है।
इसी क्रम में साहू समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज से मिलने राजीव भवन पहुंचा। समाज की ओर से कुरुद के पूर्व विधायक लेखराम साहू को राज्यसभा के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार बनाने की मांग की गई। इससे पहले साहू समाज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत से भी मुलाकात कर राज्यसभा की एक सीट समाज को देने की मांग रखी थी।
साहू समाज का कहना है कि प्रदेश की राजनीति और सामाजिक संरचना में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी है, ऐसे में राज्यसभा में भी समाज को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। कांग्रेस खेमे में लेखराम साहू को एक प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।