रायपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शिक्षाविद सेवा प्रभाग के द्वारा होली हार्ट स्कूल सिविल लाईन्स में नवप्रवेशी स्कूली...
रायपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शिक्षाविद सेवा प्रभाग के द्वारा होली हार्ट स्कूल सिविल लाईन्स में नवप्रवेशी स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी और चेतना दीदी के मार्गदर्शन में विशेष सत्र आयोजित किया गया।
राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए बतलाया कि हमारे जीवन में मन की महत्वपूर्ण भूमिका है। शास्त्रों में भी लिखा है कि मन जीते जगत जीत अर्थात जिस व्यक्ति ने अपने मन को काबू में कर लिया वह दुनिया पर राज कर सकता है। मन को जीतने के लिए हमें अपने अवचेतन मन में सदैव सकारात्मक विचार उत्पन्न करना सीखना होगा और निगेटिव थाट्स को बाय-बाय करना होगा।
आगे उन्होंने बच्चों को प्रेरणा देते हुए बतलाया कि रामायण में उल्लेख आता है कि हनुमान अपनी शक्तियों को भूल जाते थे। उन्हें समुद्र लांघने के लिए जामवन्त ने उनकी शक्तियों की याद दिलाई थी। ऐसे ही आज हम ब्रह्माकुमारी बहनें आप बच्चों को आपकी शक्तियों की याद दिलाने के लिए आयी हैं।
उन्होंने बतलाया कि हमारा अवचेतन मन एक जिन्न की तरह काम करता है। उसे सिर्फ जी हुजूर करना आता है। रात को नींद आने के दस मिनट पहले और सुबह सोकर उठने के दस मिनट पहले तक हमारा अवचेतन मन सक्रिय रहता है। इस समय हम उसे जैसा विचार देते हैं वह वैसा व्यवहार करने लगता है। इसलिए हमें रचनात्मक सोच की आदत डालनी चाहिए। कोई निगेटिव बातें बोलता है तो उसे अनसुना कर आगे बढऩा है। निगेटिव बातें हमारे उमंग-उत्साह को कम कर देती हैं। उन्होंने इस सम्बन्ध में बच्चों को मन की एकाग्रता और सकारात्मक सोच रखने के लिए कुछ फिजिकल एक्सरसाईज भी कराई। जिससे पता चला कि बच्चे बड़ी ही तन्मयता के साथ पूरी बात को सुन और समझ रहे हैं।
ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी ने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का स्मरण करते हुए बतलाया कि उन्होंने एक इन्टरव्यू में कहा था कि भारत देश ने कभी भी किसी देश पर पहले आक्रमण नहीं किया था। उसने जो भी युद्घ किया वह अपनी सुरक्षा के लिए किया। उन्होंने कहा कि हम भारत को माता कहते हैं और माँ कभी भी अपने बच्चों पर हमला नहीं कर सकती। माँ तो बच्चों को प्यार करने के लिए होती है। हम ऐसे महान भारत माँ के महान सपूत बच्चे हैं। हमें गर्व है अपने देश पर।
No comments