गरियाबंद। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे निर्माण कार्य...
गरियाबंद। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, गृह निर्माण मंडल, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीजीएमएससी एवं सेतु निगम के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर अग्रवाल ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्य जनसामान्य की बहुप्रतीक्षित मांगों से संबंधित होते हैं, इन निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना चाहिए। जिससे इसका लाभ संबंधित क्षेत्रवासियों को समय में मिल सके। उन्होंने मैदानी ईलाकों सहित वनांचल क्षेत्रों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यो की जानकारी ली। कलेक्टर ने सड़क पुल-पुलिया, शासकीय भवन, न्यायिक भवन एवं स्कूल आदि कार्यो की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रगतिरत कार्यो में तेजी लाते हुए अधिकतम कार्यो को बरसात के मौसम के पहले पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले में पीएम जनमन योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यो की भी जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा के लिए सभी कार्यो को उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर अरविन्द पाण्डेय सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।
कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की सूची बनाएं और उसके आधार पर मॉनिटरिंग करें, इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी। उन्होंने विकासखण्डवार चल रहे विकास कार्यों के लिए डायरी संधारित करने और छोटे-बड़े सभी प्रकार के विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्यों में कोई परेशानी आती है उसकी जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत जो भी निर्माण कार्य स्वीकृत किये गए है, उसे शीघ्र प्रारंभ करें और जो कार्य निर्माणाधीन है उसे पूर्ण करें। कलेक्टर ने स्वीकृत निर्माण कार्यों में प्रगतिरत कार्य, अप्रारंभ कार्य के आधार पर अधिकारियों से चर्चा कर सभी कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल जतन योजना के अंतर्गत स्कूलों के जीर्णाेद्धार कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क मरम्मत के कार्यो की भी जानकारी लेकर समय में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
No comments